ऐतिहासिक विजय: भारत बना टी20 का वर्ल्ड कप विजेता; फाइनल में न्यूज़ीलैंड को 96 रनों से हराया

8 मार्च 2026 की रात भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गई है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूज़ीलैंड को 96 रनों के विशाल अंतर से हराकर तीसरी बार ICC T20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस जीत के साथ ही भारत लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है, साथ ही अपनी सरजमीं पर यह खिताब जीतने वाला पहला देश होने का गौरव भी हासिल किया है।
संजू सैमसन और अभिषेक का धमाका: भारत ने खड़ा किया 255 रनों का पहाड़
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से संजू सैमसन ने 89 रनों का तूफानी योगदान दिया। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने भी शानदार अर्धशतक जड़कर न्यूज़ीलैंड के गेंदबाजों को पूरी तरह पस्त कर दिया। इन पारियों की बदौलत भारत ने फाइनल जैसे बड़े मंच पर कीवी टीम के सामने जीत के लिए 256 रनों की असंभव सी दिखने वाली चुनौती रखी।
बुमराह की घातक गेंदबाजी: ताश के पत्तों की तरह बिखरी कीवी टीम
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूज़ीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के चक्रव्यूह में फंस गई। दुनिया के नंबर एक गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपनी घातक यॉर्कर और स्लोअर गेंदों से कीवी बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी। बुमराह ने अपने 4 ओवर के स्पेल में मात्र 15 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। वहीं, स्पिनर अक्षर पटेल ने अपनी फिरकी का जादू चलाते हुए 3 शिकार किए। न्यूज़ीलैंड की पूरी टीम 20 ओवर भी नहीं टिक सकी और मात्र 158 रनों पर सिमट गई।
विश्व क्रिकेट में भारत का नया कीर्तिमान
2007 और 2024 के बाद अब 2026 की इस खिताबी जीत ने भारत को टी20 क्रिकेट का निर्विवाद बादशाह बना दिया है। मैच के अंतिम क्षणों में जैसे ही अभिषेक शर्मा ने आखिरी विकेट लिया, पूरा स्टेडियम ‘इंडिया-इंडिया’ के नारों से गूंज उठा। प्रधानमंत्री और देश की दिग्गज हस्तियों ने टीम इंडिया को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने पर बधाई दी है ।




