होली पर हुड़दंगियों और नशेडियों की खैर नहीं: सरगुजा पुलिस ने तैनात किए 500 जवान, डीजे और ट्रिपल राइडिंग पर रहेगी सख्त नजर

अम्बिकापुर। आगामी होली पर्व और रंगोत्सव के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरगुजा पुलिस ने पुख्ता तैयारी कर ली है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में पूरे जिले में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। इस वर्ष होली के उल्लास में खलल डालने वाले उपद्रवियों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है, जिसके तहत जिले भर में 500 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था की कमान 08 राजपत्रित अधिकारियों के हाथों में होगी, जिनके नेतृत्व में 75 निरीक्षक, उप-निरीक्षक और सहायक उप-निरीक्षक तैनात रहकर हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगे।
शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक चाक-चौबंद सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरगुजा पुलिस ने जिले में 67 फिक्स पिकेट और 28 पेट्रोलिंग पार्टियां गठित की हैं। इसके अतिरिक्त, तंग गलियों और अंदरूनी मार्गों पर नजर रखने के लिए 07 ‘बाज’ मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग टीम और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष महिला गश्ती दल को सक्रिय किया गया है। रक्षित निरीक्षक के नेतृत्व में एक रिजर्व बल को भी तैनात रखा गया है, जो किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मोर्चा संभालेगा। जिले के प्रमुख जलाशयों और पिकनिक स्थलों पर भी पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि डूबने जैसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके और वहां शांति व्यवस्था बनी रहे।
यातायात व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। होली के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच के लिए हर प्रमुख चौक-चौराहों पर ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही तीन सवारी (ट्रिपल राइडिंग), नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और तेज रफ्तार गाड़ी चलाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्यवाही की जाएगी। सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में घायलों को तत्काल उपचार दिलाने के लिए सभी थाना और चौकी प्रभारियों को जिला अस्पताल से बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति के डीजे साउंड सिस्टम लगाने या विवादित गाने बजाने पर डीजे जप्त कर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी, क्योंकि वर्तमान में बोर्ड परीक्षाएं भी संचालित हो रही हैं।
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों के लिए एक विस्तृत एडवाइजरी भी जारी की है, जिसमें अपील की गई है कि त्योहार को शालीनता और सद्भाव के साथ मनाएं। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे किसी भी प्रकार के मुखौटे का उपयोग न करें, ज्वलनशील पदार्थों से बचें और किसी पर जबरन रंग न डालें। दुकान संचालकों को भी अपनी दुकानें व्यवस्थित ढंग से लगाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आवागमन बाधित न हो। किसी भी अप्रिय घटना या शिकायत की स्थिति में नागरिक पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479193599 या डायल 112 पर सूचना दे सकते हैं, जिस पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।



