बलरामपुर: एसडीएम कुसमी ने लोहे की रॉड से की ग्रामीणों की पिटाई, एक बुजुर्ग की मौत; एसडीएम समेत 4 गिरफ्तार

बलरामपुर: एसडीएम कुसमी ने लोहे की रॉड से की ग्रामीणों की पिटाई, एक बुजुर्ग की मौत; एसडीएम समेत 4 गिरफ्तार
बलरामपुर-रामानुजगंज (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ अवैध उत्खनन पर कार्रवाई करने पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी और उनके साथियों पर बर्बरता का आरोप लगा है। इस मामले में कुसमी एसडीएम द्वारा लोहे की रॉड से की गई मारपीट के कारण एक बुजुर्ग की जान चली गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीएम सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 15 फरवरी 2026 की देर शाम की है। थाना कोरंधा अंतर्गत ग्राम हंसपुर के जंगल में तीन ग्रामीणों के साथ मारपीट की सूचना प्राप्त हुई थी। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान राम उर्फ रामनरेश (62 वर्ष), निवासी ग्राम हंसपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद मर्ग क्रमांक 02/2026 कायम कर मामले की विवेचना शुरू की।
लोहे की रॉड से हमले का आरोप
जांच और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर यह तथ्य सामने आया है कि एसडीएम कुसमी करुण डहरिया अपने तीन अन्य साथियों के साथ अवैध बॉक्साइट उत्खनन पर कार्रवाई करने ग्राम हंसपुर जंगल पहुंचे थे। आरोप है कि वहाँ इन लोगों ने ग्रामीणों पर अवैध उत्खनन का आरोप लगाया और उनके साथ हिंसक मारपीट की। मारपीट के दौरान एसडीएम द्वारा लोहे की रॉड का प्रयोग किया गया, जिससे आई गंभीर चोटों के कारण राम उर्फ रामनरेश की मृत्यु हो गई।
पुलिस ने इस मामले में करुण डहरिया (एसडीएम कुसमी), विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह, मंजीत कुमार यादव और सुदीप यादव के विरुद्ध अपराध क्रमांक 03/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 115(2), और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। थाना कोरंधा पुलिस द्वारा मामले की आगे की विवेचना जारी है।





