अम्बिकापुर

तीन दिवसीय जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक खेल प्रतियोगिता का हुआ समापन

अंबिकापुर । जिला मुख्यालय अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम, पी.जी. कॉलेज मैदान, बैडमिन्टन हॉल एवं सेंट जेवियर स्कूल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय सरगुजा ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता का समापन हो गया। 10 से 12 फरवरी तक चली इस प्रतियोगिता का समापन समारोह गांधी स्टेडियम में आयोजित किया गया, जिसके मुख्य अतिथि संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजेन्द्र लखपाले रहे। कार्यक्रम में एम.आई.सी. सदस्य मनीष सिंह (नगर पालिक निगम, अंबिकापुर), विशिष्ट अतिथि बालनाथ यादव (विधायक प्रतिनिधि), बाली चरण यादव (मण्डल अध्यक्ष), आर. जे. पाण्डेय (प्राचार्य, पॉलीटेक्निक कॉलेज) एवं मीरा साहू (प्राचार्य, सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल) विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत राम कुमार सिंह, सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण द्वारा दिए गए स्वागत उद्बोधन से हुई। इस अवसर पर देवेन्द्र सिन्हा, विकास सिंह, ए.डी. दिवान, राजेश प्रताप, पी.टी.आई., सुमित, अमर एवं प्रदीप सहित अन्य खेल अधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद थे। मंच का कुशल संचालन राकेश मिश्रा एवं सुनीता दास द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स की विभिन्न विधाओं जैसे 100, 200 व 400 मीटर दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक, तवा फेंक, लंबी कूद, ऊँची कूद और रिले रेस के साथ-साथ तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल एवं बास्केटबॉल की स्पर्धाएँ आयोजित की गईं।
इस खेल महाकुंभ में कुल 941 पुरुष एवं 802 महिला खिलाड़ियों सहित 100 कोच, मैनेजर और निर्णायकों ने शिरकत की।

जिला प्रशासन एवं खेल विभाग द्वारा खिलाड़ियों के लिए खेल परिधान, आवास, भोजन तथा यातायात की पुख्ता व्यवस्था की गई थी। पुरस्कारों की घोषणा करते हुए बताया गया कि व्यक्तिगत खेलों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को क्रमशः ₹2000, ₹1500 एवं ₹1000 तथा टीम खेलों में क्रमशः ₹4000, ₹3000 एवं ₹2000 की नगद राशि सीधे बैंक खातों में ऑनलाइन अंतरित की जाएगी। समापन समारोह के अंत में मुख्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button