बलरामपुर
प्रधानमंत्री का ‘AI जनरेटेड’ भ्रामक वीडियो वायरल करने के मामले में पादरी पर FIR दर्ज.. देखें वीडियो

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में तकनीक के दुरुपयोग के जरिए धार्मिक विद्वेष फैलाने का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। जिले की गणेशमोड़ पुलिस चौकी (थाना बलरामपुर) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आपत्तिजनक और भ्रामक एआई (AI) जनरेटेड वीडियो व्हाट्सएप पर साझा करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई ग्राम पुटसुरा निवासी पतरस किस्पोट्टा की शिकायत पर की गई है, जिन्होंने आरोपी पादरी सामुएल खल्खो पर उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने और समाज में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है।
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सामुएल खल्खो के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। FIR के मुताबिक, सूचनाकर्ता ने समाज में राय-सलाह करने के कारण रिपोर्ट दर्ज कराने में चार दिन का समय लिया, जिसके बाद 10 फरवरी को पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस को साक्ष्य के तौर पर आरोपी के मोबाइल नंबर से भेजे गए संदेशों के स्क्रीनशॉट भी सौंपे गए हैं। वर्तमान में उप निरीक्षक ओमप्रकाश पटेल द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।





