अंबिकापुर के पंजाब एंड सिंध बैंक के गार्ड से लाइसेंसी बंदूक लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, 24 घंटे में जशपुर से बरामद

अंबिकापुर | पुलिस ने अंबिकापुर में बैंक के सुरक्षा गार्ड से हुई डबल बैरल लाइसेंसी बंदूक की लूट का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में साइबर सेल, कोतवाली एवं गांधीनगर पुलिस टीम की संयुक्त कार्यवाही द्वारा आरोपी को जशपुर जिले के कसाबेल से गिरफ्तार कर हथियार बरामद किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अमोद कुमार एक्का (निवासी ग्राम टेडापहाड, जशपुर), जो वर्तमान में पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा अंबिकापुर में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं, 8 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 1:00 बजे अपना सामान शिफ्ट कर रहे थे। प्रार्थी अपने पुराने किराये के मकान नवापारा से नए रूम प्रतापपुर नाका अंबिकापुर जाने के लिए ऑटो में सामान और परिजनों को भेज दिया था। ऑटो में जगह न होने के कारण वे स्वयं अपनी डबल बैरल लाइसेंसी बंदूक कंधे पर टांगकर पैदल ही निकल पड़े।
इसी दौरान नवापारा कुम्हारपारा ढलान के पास एक अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल से पीछे से आया और प्रार्थी से पूछा कि “कहां जाना है, पैदल क्यों जा रहे हो? चलो जहां जाना होगा वहां छोड़ दूंगा।” जैसे ही प्रार्थी सहायता के भरोसे मोटरसाइकिल पर बैठने लगा, आरोपी ने अचानक प्रार्थी की बंदूक लूटी और मौके से फरार हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब सुराग नहीं मिला, तो प्रार्थी ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 72/26 धारा 309(4) बी.एन.एस. के तहत मामला विवेचना में लिया।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही और गिरफ्तारी
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस टीम को तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। साइबर सेल, कोतवाली एवं गांधीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का पीछा किया और कसाबेल, जिला जशपुर से आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जयपाल लकड़ा (उम्र 45 वर्ष), निवासी महादेवडांड बीसबहरी थाना बगीचा, जिला जशपुर (हाल मुकाम गोधनपुर, अंबिकापुर) बताया। आरोपी ने बंदूक लूट की घटना स्वीकार की, जिसके बाद उसके कब्जे से लूटी गई बंदूक बरामद कर ली गई। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
इस कार्यवाही में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक वीरेंद्र कुजूर, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, सूरज राय, और आरक्षक अतुल सिंह, नितिन सिन्हा, मनीष सिंह, सुल्तान अहमद, गीता प्रसाद, आनंद प्रकाश केरकेट्टा, उमेश गुप्ता, जयनाथ भगत व हरिनाम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





