अम्बिकापुर

अम्बिकापुर : मोबाइल दुकान और पान ठेले की आड़ में बिक रही थी प्रतिबंधित ई-सिगरेट और चाइनीज चाकू, डीआईजी ने अभिभावकों से की सतर्क रहने की अपील…

अम्बिकापुर: सरगुजा पुलिस ने नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। शहर में मोबाइल दुकान और पान ठेले की आड़ में युवाओं को नशे की सामग्री और खतरनाक हथियार बेचने वाले दो संचालकों को पुलिस और आबकारी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित ई-सिगरेट, वेप, फ्लेवर लिक्विड और अवैध चाइनीज चाकू जप्त किए गए हैं।

दुकानों की आड़ में चल रहा था अवैध काला कारोबार

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि पहली दबिश मणिपुर क्षेत्र स्थित ‘अमित मोबाइल व गिफ्ट गैलरी’ पर दी गई। यहाँ संचालक अमित अग्रवाल मोबाइल बेचने के बहाने युवाओं को प्रतिबंधित ई-सिगरेट और नशीला फ्लेवर लिक्विड बेच रहा था। तलाशी के दौरान पुलिस ने यहाँ से 148 नग फ्लेवर, 16 नग वेप के साथ-साथ 40 नग घातक चाइनीज चाकू भी बरामद किए।

वहीं दूसरी कार्रवाई स्कूल रोड स्थित ‘सुशील पान ठेला एवं डेली नीड्स’ पर की गई। संचालक सुशील कुमार केशरी अपने पान ठेले की आड़ में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट की रिफिल और फ्लेवर बेचते रंगे हाथ पकड़ा गया। दोनों ही मामलों में पुलिस ने प्रतिबंधित सामग्री जप्त कर आरोपियों के खिलाफ ई-सिगरेट प्रतिषेध अधिनियम 2019, बीएनएस और कोटपा एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
एसएसपी की अपील: बच्चों को बचाएं इस ‘जहर’ से
इस गंभीर मामले को देखते हुए एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने समाज और अभिभावकों के लिए एक विशेष अपील जारी की है। उन्होंने कहा कि ई-सिगरेट और फ्लेवर लिक्विड जैसे नशे युवाओं और छात्रों को अपनी गिरफ्त में ले रहे हैं, जो लोक स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा है।
एसएसपी ने शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों और अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें इस नशे के प्रति जागरूक करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन नशे के विरुद्ध सख्त है, लेकिन इसे पूरी तरह समाप्त करने के लिए समाज का सहयोग अनिवार्य है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना नागरिक पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9479193599 पर दे सकते हैं।

सराहनीय रही टीम की भूमिका

इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, सीएसपी राहुल बंसल, आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता सहित कोतवाली और मणिपुर थाना प्रभारियों की टीम का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button