पहली से 11वीं तक की वार्षिक परीक्षाएं 25 मार्च से शुरू होंगी, लोक शिक्षण संचालनालय ने जारी किए आदेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए वार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम तय कर दिया गया है। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, प्रदेश के स्कूलों में सत्र 2025-26 की कक्षा पहली से लेकर 11वीं तक की वार्षिक परीक्षाएं 25 मार्च 2026 से शुरू होंगी। यह परीक्षाएं 10 अप्रैल 2026 तक संचालित की जाएंगी।
उपसंचालक, लोक शिक्षण की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि परीक्षाओं के आयोजन की पूरी जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारियों की होगी। आदेश के मुताबिक, सभी स्कूलों को 28 फरवरी 2026 तक अपना पाठ्यक्रम पूरा करना होगा और उसके बाद छात्रों का रिवीजन कराया जाएगा। इसके साथ ही, बच्चों के प्रोजेक्ट यानी परियोजना कार्य की परीक्षा 5 मार्च तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने परीक्षा की तैयारी के लिए समय-सीमा भी तय कर दी है। जिला स्तर पर प्रश्न पत्र निर्माण और मॉडरेशन समिति का गठन 5 फरवरी तक करना अनिवार्य है। कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं के लिए प्रश्न पत्र ब्लूप्रिंट के आधार पर ही तैयार किए जाएंगे। मुख्य परीक्षा से पहले छात्रों को अभ्यास कराने के लिए स्कूलों में सैंपल प्रश्न पत्र भी हल कराए जाएंगे।
आदेश में कहा गया है कि 15 फरवरी तक प्रश्न पत्रों के तीन सेट तैयार कर लिए जाएंगे और 25 फरवरी तक इन्हें छपने के लिए भेजा जाएगा। मुद्रण के बाद 15 मार्च तक सभी प्रश्न पत्र सीलबंद लिफाफों में जिला शिक्षा अधिकारियों को सौंप दिए जाएंगे। परीक्षाओं का विस्तृत टाइम-टेबल जिला स्तर पर जिला शिक्षा अधिकारियों द्वारा अलग से जारी किया जाएगा।





