अम्बिकापुर

अंबिकापुर में धर्मान्तरण मामले में बड़ी कार्रवाई पुलिस ने रिटायर्ड महिला डिप्टी कलेक्टर को किया गिरफ्तार; हिंदू धर्म पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप

अम्बिकापुर । धर्मान्तरण के संवेदनशील मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर महिला को गिरफ्तार किया है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है, जहाँ आरोपी महिला पर लोगों को ईसाई धर्म की ओर प्रेरित करने और हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के गंभीर आरोप लगे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रोशन तिवारी (निवासी मठपारा, अम्बिकापुर) ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 25 जनवरी 2026 को रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर ओमेगा टोप्पो ने नमनाकला स्थित अपने निवास पर बड़ी संख्या में भीड़ इकट्ठा की थी। आरोप है कि इस सभा के दौरान हिंदू धर्म के प्रति अपमानजनक और आपत्तिजनक टिका-टिप्पणी की गई। साथ ही, वहां मौजूद लोगों को प्रलोभन और प्रोत्साहन के जरिए ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।

प्रार्थी की शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया। थाना गांधीनगर में आरोपी ओमेगा टोप्पो (पिता स्व. सामुएल टोप्पो, उम्र 66 वर्ष) के खिलाफ अपराध क्रमांक 46/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 270, 299 और छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम की धारा 5 (क) के तहत मामला पंजीबद्ध किया।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मौके के साक्ष्य और गवाहों के बयानों के आधार पर पाया कि आरोपिया के विरुद्ध अपराध घटित करने के पर्याप्त सबूत मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी रिटायर्ड अधिकारी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
इस पूरी कार्यवाही में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, सहायक उप निरीक्षक सुभाष ठाकुर, महिला प्रधान आरक्षक मंजू भगत, महिला आरक्षक प्रिया रानी, आरक्षक अतुल शर्मा और कुंदन पाण्डेय की सक्रिय और महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button