अंबिकापुर जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलते ही मचा हड़कंप

अंबिकापुर: सरगुजा जिला मुख्यालय स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शहर में तनाव की स्थिति बनी हुई है। यह धमकी न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर ‘आउटलुक’ अकाउंट के जरिए भेजी गई। सूचना मिलते ही प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया और सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया।
एसएसपी ने संभाली कमान:
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राजेश अग्रवाल खुद भारी पुलिस बल के साथ कोर्ट परिसर पहुंचे। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली। वर्तमान में हर प्रवेश द्वार पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और वकीलों व पक्षकारों को कड़ी जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।

साइबर सेल की जांच जारी:
पुलिस फिलहाल ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साइबर सेल की मदद से उस आईपी एड्रेस को ट्रैक किया जा रहा है जिससे यह संदेश भेजा गया था। हालांकि, अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई है।




