जशपुर

बहन पर किया था टांगी से वार, जान बचाने मां झुकी तो तीन माह की मासूम भांजी की हो गई मौत

एक सनकी मामा के गुस्से ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। अपनी पत्नी के साथ हुए मामूली विवाद का बदला लेने निकले एक युवक ने अपनी ही चचेरी बहन पर टांगी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले के दौरान मां ने अपनी जान बचाने के लिए जैसे ही खुद को नीचे झुकाया, उसकी पीठ पर बंधी तीन माह की मासूम बच्ची काल के गाल में समा गई। आरोपी के हाथ में पकड़ी टांगी का हत्था सीधे बच्ची के सिर पर लगा, जिससे मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार,घटना की शुरुआत 17 दिसंबर की शाम करीब 5:00 बजे हुई। जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरापाठ में घटी, प्रार्थिया संगीता का गांव के कुएं पर पानी भरते समय अपने चचेरे भाई रतन राम की पत्नी के साथ किसी बात पर कहा सुनी हो गई विवाद के बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए थे।
कुछ देर बाद इस मामूली बात से तिलमिलाया आरोपी रतन उर्फ रतनू राम (21 वर्ष हाथ में टांगी लेकर अपनी बहन को सबक सिखाने पहुंच गया। वह गुस्से में इतना अंधा हो चुका था कि उसे अपनी बहन की पीठ पर बंधी छोटी सी जान भी नजर नहीं आई। जैसे ही उसने ‘तुझे जान से मार दूंगा’ कहते हुए वार किया, मां के झुकने से वह वार मासूम के लिए जानलेवा साबित हुआ।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की और शव का पोस्टमार्टम कराया। डॉक्टर की रिपोर्ट में भी यह स्पष्ट हुआ कि बच्ची की मौत सिर पर किसी भारी वस्तु (टांगी के हत्थे) से लगी गहरी चोट के कारण हुई है। पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर आरोपी रतन राम को उसके गांव पिपरापाठ से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपसी विवादों में हिंसा का सहारा लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सन्ना थाना प्रभारी और उनकी टीम ने महज कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुँचाने में सफलता हासिल की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button