छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 11 IAS अधिकारियों का तबादला; सरगुजा कलेक्टर भोसकर संदिपान अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बने अजीत वसंत होंगे सरगुजा के नए कलेक्टर

छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार, 16 दिसंबर 2025 को एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 11 अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। इस आदेश के तहत, श्री भोसकर विलास संदिपान, जो वर्तमान में सरगुजा के कलेक्टर थे, को भारत निर्वाचन आयोग की अनुशंसा पर तत्काल प्रभाव से अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं, बेमेतरा कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) का प्रबंध संचालक बनाया गया है, जिसके बाद श्री संजीव कुमार झा NHM के अति. प्रभार से मुक्त हो जाएंगे। ये दोनों पद, भारतीय प्रशासनिक सेवा (वेतन) नियम, 2016 के तहत, प्रवर श्रेणी वेतनमान के संवर्गीय पद के समकक्ष घोषित किए गए हैं।
इस बड़े फेरबदल में पांच जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। कोरबा कलेक्टर श्री अजीत वसंत को सरगुजा की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि दंतेवाड़ा कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत को कोरबा का कलेक्टर बनाया गया है। सुकमा कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव अब दंतेवाड़ा की कमान संभालेंगे और नारायणपुर कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई को बेमेतरा कलेक्टर के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके अतिरिक्त, अपर कलेक्टर, रायपुर सुश्री नम्रता जैन को नारायणपुर कलेक्टर की जिम्मेदारी मिली है, और बिलासपुर नगर निगम आयुक्त श्री अमित कुमार को सुकमा कलेक्टर बनाया गया है।
अन्य महत्वपूर्ण पदस्थापनाओं में, अपर कलेक्टर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ श्री प्रकाश कुमार सर्वे को बिलासपुर नगर पालिक निगम का आयुक्त नियुक्त किया गया है। अपर कलेक्टर, सुकमा श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत धमतरी की नई जिम्मेदारी मिली है, जबकि इस पद पर कार्यरत सुश्री रोमा श्रीवास्तव को उप सचिव, मंत्रालय पदस्थ किया गया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि सरल क्रमांक 2 से 10 तक के सभी अधिकारियों का स्थानांतरण भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशों के अनुपालन में किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button