अंबिकापुर: शहर में अवैध पार्किंग पर सख्ती, नियम तोड़ने पर ‘व्हील लॉक’ और जुर्माना,नगर निगम द्वारा पार्किंग स्थलों की सूची जारी
व्यवसायिक मार्गों और रिंग रोड पर अब नहीं चलेगी मनमानी; यातायात व्यवस्था सुधारने SSP ने दिए निर्देश

अम्बिकापुर/सरगुजा। (25 नवंबर 2025) शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और आम जनता को सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने एक बड़ा अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सरगुजा, श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में, शहर के प्रमुख व्यावसायिक मार्गों पर बेतरतीब ढंग से खड़ी की गई चारपहिया वाहनों और रिंग रोड पर अवैध रूप से पार्क किए गए भारी वाहनों के खिलाफ अब सख्त चालानी कार्यवाही के साथ व्हील लॉक की कार्रवाई भी की जाएगी।
भीतरी मार्गों की जाम समस्या पर फ़ोकस
यातायात पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, शहर के भीतरी प्रमुख मार्गों पर चारपहिया वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है, जिससे आम नागरिकों को रोज़ाना मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
SSP श्री अग्रवाल ने यातायात पुलिस टीम को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मुख्य व्यावसायिक मार्गों पर चारपहिया वाहनों की बेतरतीब पार्किंग को रोका जाए। इसी क्रम में, टीम द्वारा पहले अपील के माध्यम से वाहन चालकों को जागरूक किया जा रहा है।
अपील के बाद होगी सख़्त कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अपील जारी करने के बाद भी यदि कोई वाहन चालक यातायात नियमों की अवहेलना कर अवैध पार्किंग करता है, तो मौके पर ही उसके वाहन को लॉक (Lock) किया जाएगा और सख्ती से चालानी कार्यवाही की जाएगी।
आम नागरिकों और दुकानदारों से अपील:
निगम पार्किंग का करें उपयोग: आम नागरिक अपने वाहनों की पार्किंग केवल नगर निगम द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों या अन्य निकटतम प्राइवेट पार्किंग स्थलों में ही करें, फुटपाथ पर चारपहिया वाहन कतई खड़ा न करें।
व्यापारियों से सहयोग की मांग: पुलिस ने दुकानदारों और व्यापारियों से भी अपील की है कि वे अपने ग्राहकों को निर्धारित या निकटतम पार्किंग स्थल पर ही व्यवस्थित ढंग से वाहन पार्क करने के लिए प्रोत्साहित करें।
रिंग रोड पर भी भारी वाहनों पर शिकंजा
शहर के रिंग रोड पर अवैध रूप से खड़े किए जा रहे भारी वाहनों (ट्रकों) पर भी पुलिस सख्ती दिखाने जा रही है। ऐसे वाहनों को भी मौके पर लॉक करके सख्ती से चालानी कार्यवाही की जाएगी।
विशेष रूप से, रिंग रोड के आसपास गाड़ी बनाने वाले दुकानदारों से अपील की गई है कि वे दुकान में बनने आए वाहनों को रिंग रोड से नीचे ही खड़ी कर सुधार कार्य करें। सुधार कार्य पूरा होने के बाद ट्रकों को ट्रांसपोर्ट नगर में और बसों को बस स्टैंड में ही खड़ा करें, अन्यथा पुलिस टीम सख्त चालानी कार्रवाई करेगी।
नगर निगम द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थल:
सरगुजा पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए नगर निगम द्वारा निर्धारित प्रमुख पार्किंग स्थलों की सूची भी जारी की है:
* अम्बेडकर चौक के पास: पीजी कॉलेज, सर्कस मैदान, बीटीआई मैदान, पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान।
* गाँधी चौक के पास: गाँधी स्टेडियम, पॉलिटेक्निक कॉलेज, कलाकेंद्र मैदान।
* आकाशवाणी चौक: नवापारा चर्च मैदान, गाँधी स्टेडियम।
* देव होटल के पास देविगंज रोड पर: निशांत मेडिकल, चित्रमंदिर।
* गुदरी बाजार/संगम चौक के पास: केंद्रीय सहकारी बैंक के सामने पार्किंग।
* थाना चौक के पास: मल्टीपरपज स्कूल पार्किंग, नगर निगम स्कूल पार्किंग।
* जयस्तम्भ/कादम्बि चौक के पास: बरेज पारा।
* ब्रम्ह मंदिर/अग्रसेन चौक के पास: पुराना बस स्टैंड, अस्तबल पार्किंग।
* ट्रकों के लिए: ट्रांसपोर्ट नगर।
* बसों के लिए: बस स्टैंड।
सरगुजा पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था को बनाए रखने में आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है।


