अंबिकापुर : पटवारी से RI बनने की विभागीय पदोन्नति परीक्षा के टॉपर सहित 4 निरीक्षकों के ठिकानों पर EOW-ACB की रेड; पदोन्नति परीक्षा में कथित धांधली की जाँच तेज

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में बुधवार की सुबह राजस्व विभाग में उस वक्त हड़कंप मच गया जब आर्थिक अपराध शाखा (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की संयुक्त टीम ने शहर के चार पटवारियों के आवासों पर एक साथ धावा बोल दिया। यह बड़ी कार्रवाई वर्ष 2024 में पटवारी से राजस्व निरीक्षक (RI) बनने के लिए हुई विभागीय परीक्षा में पेपर लीक और व्यापक अनियमितता के गंभीर मामले से जुड़ी है। जांच में यह तथ्य सामने आया है कि छापेमारी की जद में आए पटवारियों में इस विवादित परीक्षा का टॉपर भी शामिल है।
पूर्व में दर्ज एफआईआर (FIR) के आधार पर EOW और ACB की टीमें इन आरआई के घरों पर सुबह से ही संपत्ति के कागजात, बैंक खातों के विवरण और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड खंगाल रही हैं। परीक्षा की विवादित पृष्ठभूमि यह थी कि अंबिकापुर से इस परीक्षा में शामिल हुए लगभग सभी पटवारी सफलता हासिल कर गए थे, जिसके बाद प्रक्रिया को संदेह के घेरे में आने पर स्थगित कर दिया गया था।
जिन चार पटवारियों के निवासों पर दबिश दी गई है, वे हैं: महुआपारा निवासी गौरीशंकर (वर्तमान में सूरजपुर में पदस्थ), फुंदुरडिहारी निवासी नरेश मौर्य (वर्तमान में अंबिकापुर भू-अभिलेख में पदस्थ), बौरीपारा शिकारी रोड निवासी धरम देव लकड़ा (वर्तमान में अंबिकापुर भू-अभिलेख में पदस्थ) और कोणार्क सिटी निवासी अभिषेक सिंह (वर्तमान में सूरजपुर में पदस्थ)। इन चारों ने विवादित पदोन्नति RI परीक्षा पास कर ली थी। टीम सुबह से ही पुलिस बल के साथ जांच में जुटी हुई है और इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।


