एंटी करप्शन ब्यूरो की कार्यवाही प्रेमनगर में RES विभाग का एसडीओ रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार..

सूरजपुर/अंबिकापुर। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) विभाग के प्रेमनगर अनुविभागीय अधिकारी (SDO) ऋषिकांत तिवारी को बुधवार की देर शाम एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने ₹15,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। विडंबना यह है कि ऋषिकांत तिवारी को एक माह पूर्व ही इंजीनियर से एसडीओ के पद पर पदोन्नत किया गया था, लेकिन उन्होंने पद की गरिमा रखने के बजाय, एक किसान से तालाब निर्माण के बिल पास करने के लिए घूस मांगकर अपनी नई पारी की शुरुआत भ्रष्टाचार से की।
यह पूरा मामला ग्राम नवापारा खुर्द के किसान दिगंबर सिंह से जुड़ा है। किसान ने मत्स्य विभाग की स्वीकृति पर तालाब का निर्माण पूरा किया था, जिसके ₹1,82,000 के बिल का मूल्यांकन और भुगतान एसडीओ ऋषिकांत तिवारी के माध्यम से होना था।
आरोप है कि नए-नए एसडीओ बने तिवारी ने बिल को आगे बढ़ाने के लिए किसान से सीधे ₹15,000 की अवैध मांग की। किसान ने तुरंत एसीबी अंबिकापुर से शिकायत की।
शिकायत की पुष्टि होते ही, एसीबी की टीम ने आरोपी को पकड़ने का जाल बिछाया। एसीबी ने किसान दिगंबर सिंह को केमिकल लगे हुए ₹15,000 दिए और उसे एसडीओ को अपने घर बुलाने के लिए कहा।
शाम करीब 7 बजे जैसे ही एसडीओ तिवारी ने रिश्वत की रकम किसान से ली, मौके पर पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उन्हें रंगे हाथों धर दबोचा। एक महीने पहले पदोन्नत हुए अधिकारी का भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाना स्थानीय प्रशासन में चर्चा का विषय बना हुआ है।
एसीबी की टीम ने एसडीओ के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई जारी है।


