सरगुजा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी शशि सिंह के विरुद्ध कांग्रेस नेता एवं रायपुर के पूर्व उपमहापौर ने लगाया जमीन हड़पने का आरोप
रायपुर । कांग्रेस नेता एवं रायपुर नगर निगम के पूर्व उपमहापौर गजराज पगारिया ने सरगुजा लोकसभा क्षेत्र कि कांग्रेस प्रत्याशी शशि सिंह पर जमीन हड़पने का आरोप लगाकर थाने पहुंच गए। उन्होंने शशि सिंह, और उनकी मां पुष्पा देवी सिंह के खिलाफ लिखित शिकायत की है।
शिकायत में गजराज पगारिया ने कहा कि उनके नाम पर एक जमीन जिसका रकबा 2500 वर्गफीट था जिसे हरीश कुमार वासवानी से खरीद कर स्वामित्व और आधिपत्य प्राप्त किया, उसे पुष्पा देवी सिंह द्वारा उक्त विक्रय पत्र के माध्यम से 2500 वर्गफीट को फर्जी तरीके से 8 जुलाई 2022 को अपने नाम पर दर्ज करवा लिया गया। यह कार्य आपराधिक कृत्य है।
ज्ञात हो कि दिवंगत पूर्व मंत्री तुलेश्वर सिंह की पुत्री शशि सिंह को कांग्रेस ने सरगुजा लोकसभा से टिकट दी है। शशि नामांकन दाखिल कर चुकी हैं, और उनका प्रचार चल रहा है। इन सबके बीच रायपुर के पूर्व उपमहापौर गजराज पगारिया ने दो दिन पहले राजेन्द्र नगर थाने में लिखित शिकायत की है जिसमें उन्होंने दिवंगत पूर्व मंत्री तुलेश्वर सिंह की पत्नी पुष्पा देवी और उनकी पुत्री शशि सिंह पर अपनी जमीन हड़पने का आरोप लगा दिया है।





