रामानुजगंज सहकारी बैंक में पैसे निकालने पहुंच रहे किसानों को हो रही परेशानी, दूरदराज के क्षेत्रों से पहुंचते हैं किसान..

देवबर्सन सरुता । बलरामपुर जिले के रामानुजगंज सहकारी केंद्रीय बैंक में लगातार किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. वही दूर दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आए किसानों को बैंक में लंबी लाइन में लगने के बावजूद शाम तक पैसे नहीं मिल पाते हैं. आए दिन यहां किसानों और बैंक कर्मियों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई रहती है.
दूरदराज के क्षेत्रों से पहुंचते हैं किसान
रामानुजगंज सहकारी बैंक में आसपास के करीब 50-60 किलोमीटर दूर से दर्जनों गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान अपने पैसे निकालने के लिए पहुंचते हैं लेकिन जब किसानों को बैंक से पैसा नहीं मिलता तो उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ता है. सुबह से शाम तक लाइन में खड़े होने के बावजूद भी किसानों को पैसे नहीं मिल पा रहे हैं.
किसानों को हो रही परेशानी
सहकारी बैंक किसानों का बैंक माना जाता है. यहां किसान अपने मेहनत की उपज और बोनस का पैसा निकालने के लिए पहुंच रहे हैं. धान बेचने के बाद किसानों के खाते में पैसे आने के बाद किसान बैंक का रूख कर रहे हैं. बैंक के अधिकारी -कर्मचारियों की लापरवाही के कारण किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.





