जनपद उपाध्यक्ष पति ने पंचायत सचिव से की मारपीट, थाने में हुई शिकायत..सचिव संघ ने कहा तीन दिवस के भीतर नही हुई कार्यवाही तो करेंगे अनिश्चित कालीन हड़ताल

राकेश पाठक (हिन्द शिखर न्यूज़)
सूरजपुर। प्रतापपुर ब्लाक के एक सचिव ने यहां के जनपद उपाध्यक्ष पति पर मारपीट करने सहित शासकीय काम मे व्यवधान उतपन्न व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत थाने में की है। मिली जानकारी के अनुसार प्रतापपुर ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत धुमाडाँड़ के सचिव अनिल कुमार गुप्ता ने जनपद उपाध्यक्ष पति संजीव श्रीवास्तव पर उक्त आरोप लगाते हुए अपनी शिकायत में बताया है कि सोमवार को जनपद कार्यालय में सभी सचिवों की साप्ताहिक बैठक बुलायी गयी थी जहां बैठक के दौरान जनपद सीईओ के द्वारा सचिव को बोला गया कि तुमको जनपद उपाध्यक्ष के पति संजीव श्रीवास्तव बुला रहे हैं जिसे सुनकर सचिव अनिल कुमार उपाध्यक्ष पति से मिलने उपाध्यक्ष कक्ष में चले गए जहां संजीव श्रीवास्तव के द्वारा दरवाजा बंद कर दिया गया और सचिव से कहा गया कि तुमसे पंद्रह हजार मांगा गया था तुम क्यों नही दिए यह कहकर उपाध्यक्ष पति के द्वारा अभद्र गाली गलौज किया गया व मारपीट किया गया। उक्त घटना से आहत सचिव अनिल कुमार ने इसकी शिकायत तत्काल थाने जाकर की जहां पुलिस के द्वारा धारा 294, 385, 327,332 व 353 के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है।
वहीं इस संबंध में सचिव संघ के जिला सचिव चंदन गुप्ता ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि आरोपी उपाध्यक्ष पति संजीव श्रीवास्तव को अगर तीन दिवस के भीतर गिरिफ्तार नही किया गया तो सचिव संघ अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चले जायेंगे जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।





