अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी अशोक को मिलेगा रोजगार, कलेक्टर ने खेल अधिकारी को दिया निर्देश

अम्बिकापुर । कलेक्टर संजीव कुमार झा जन चौपाल के माध्यम से लोगों की परेशानियों का समाधान कर रहे हैं। इसी बीच 24 मई को आयोजित कलेक्टर जन चौपाल में ताइक्वांडो के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी ने पारिवारिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण रोजगार की अति आवश्यकता बताते हुए आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर कलेक्टर ने खिलाड़ी के आवेदन पर विचार करते हुए अदानी फुटबाल फाउंडेशन में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए खेल अधिकारी को निर्देश दिए। सीतापुर आदर्शनगर निवासी 25 वर्षीय खिलाड़ी अशोक अंसारी ने बताया कि वर्ष 2017 से वह ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भाग लेते हुए अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक प्रतिनिधितत्व कर चुका है। उसने बताया कि वर्ष 2017 में राज्य स्तरीय, 2018 में राष्ट्रीय और इसी वर्ष ओपन अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर थाइलैण्ड से रजक पदक प्राप्त किया है। इसके पश्चात द्वितीय अंतर्राष्ट्रीय चैंपियनशिप वर्ल्ड ताइक्वाडों टूर्नामेंट के लिए चयन हुआ। साथ ही तेलंगाना सरकार द्वारा राष्ट्रीय खेल हीरोज अवार्ड तथा छत्तीसगढ़ शासन से शहीद राजीव गांधी खेल पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है। अशोक के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसके ऊपर पूरे परिवार की जिम्मेदारी का भार बढ़ते जा रहा है और उसे रोजगार की आवश्यकता है। जिस पर कलेक्टर की पहल पर युवा खिलाड़ी को रोजगार का जरिया मिल गया है।




