कोल खदान के लिए पेड़ों की अंधाधुंध कटाई का मामला: कलेक्टर व एसपी ने खनन प्रभावित ग्राम साल्ही के ग्रामीणों की सुनी समस्याएं..भाजपा सरगुजा का प्रतिनिधि मंडल प्रभावित क्षेत्र का करेगा दौरा

अम्बिकापुर । कलेक्ट संजीव कुमार झा व नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने गुरुवार को कोयला खनन प्रभावित ग्राम साल्ही के लोगों की समस्याएँ सुनी। साल्ही के अमराई में लगे शिविर ने बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और अपनी संस्याएँ बताई। कलेक्टर ने खनन प्रभावितों के पुनर्वास एवं अन्य समस्याओं के समाधान के लिए ग्राम स्तर पर समिति गठित करने और समिति के द्वारा प्रस्तवित सभी समस्याओं को प्राथमिकता से निराकरण कराने का भरोसा दिलाया।
कलेक्टर ने कहा कि विस्थापन के संबंध में पूर्व में पारित ग्रामसभा के 29 बिंदुओं का पालन नहीं किया गया है। इसके लिए सरपंच सचिव सहित गांव के ही लोगों की समिति बनेगी। अपनी समस्याओं को आप ही लोग निराकरण करेंगे। पूरे 29 बिंदुओं का निराकरण समिति करेगी। 10 लोगों की समिति बनाये। जिस भी बिंदु का पालन नहीं हुआ होगा उसका निराकरण कराया जाएगा। उन्होंने एसडीएम को निर्देशित किया कि जिन लोगों को खनन प्रभावित के संबंध में जो भी जानकारी चाहिए उसे दिलवाएं। उन्होंने कहा कि बैंक की समस्या को दूर करने के लिए बैंक सखी नियुक्त किया जाएगा जो घर-घर जाकर बैंक संबधी कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि साल्ही में जल्द एक गोठान तथा 10 बिस्तर का अस्पताल भवन निर्माण होगा। इसके साथ ही टिकरापारा साल्ही में आंगनबाड़ी में सहायिका की भर्ती की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि किसी की जोर जबरदस्ती से गिरफ्तारी नहीं होगी। कंपनी में किसी को प्रवेश नहीं देने की समस्या का समाधान किया जाएगा। गलत एफआईआर नहीं होगा। कानून को अपने हाथ में न लें। कोई बात बतानी हो तो प्रशासन से कहे। प्रशासन आप लोगां का पूरा सहयोग करेगी।
इस दौरान डीएफओ पंकज कमल, अतिरक्ति पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, एसडीएम अनिकेत साहू, तहसीलदार सुभाष शुक्ला सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
भाजपा सरगुजा का प्रतिनिधि मंडल प्रभावित क्षेत्र का करेगा दौरा
सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत परसा कोयला खदान शुरू करने के लिए अंतिम मंजूरी मिलने के बाद वन विभाग ने इस क्षेत्र में पेड़ों की कटाई शुरू कर दी है, सरगुजा जिले में विस्तारित परसा कोयला खदान के लिए 841.538 हेक्टेयर वन भूमि के गैर वानिकी उपयोग की मंजूरी मिलते ही पेड़ों की अंधाधुंध कटाई किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में निवासरत ग्रामीणों के समक्ष गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है, कटाई की खबर सुनते ही सालही, हरिहरपुर, फत्तेपुर एवम् घाटबर्रा क्षेत्र के ग्रामीण वहां पहुंच कर इसका घोर विरोध कर रहे हैं, ग्रामीणों का आरोप है कि इस विषय पर उनको जानकारी नहीं दी गई और ना ही उनसे सहमति ली गई है ।
उक्त प्रभावित क्षेत्र में ग्रामीणों के सामने उत्पन्न संकट के मद्देनजर ग्राम वासियों की भावना एवं समस्याओं से अवगत होने 30 अप्रैल दिन शनिवार को भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह के नेतृत्व में भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल जिसमे पूर्व सांसद कमलभान सिंह, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भारत सिंह सिसोदिया, जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, जिला मंत्री राधेश्याम सिंह ठाकुर, उदयपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह लखनपुर मंडल अध्यक्ष दिनेश साहू सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रभावित क्षेत्र का दौरा करेंगे तथा वस्तु स्थिति एवम् ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत होंगे।




