किसान मोर्चा ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर किया धरना प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन। प्रबंधन की लापरवाही: शिवप्रसादनगर खरीदी केंद्र में किसान स्वयं खरीद रहे सूतली

लालचंद शर्मा हिंद शिखर न्यूज़ भैयाथान। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को भाजपा किसान मोर्चा के बैनर तले भैयाथान ब्लाक के सभी पांचों धान खरीदी केंद्रों में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर पांच बिंदुओं पर ज्ञापन सौंपा गया। इस धरना प्रदर्शन के लिए सभी खरीदी केंद्रों में अलग – अलग प्रभारी सह प्रभारी की नियुक्ति की गई थी जिसमे खरीदी केंद्र सोनपुर (बंजा) में विशाल प्रताप सिंह, हुबलाल सिंह, शिवप्रसादनगर में प्रकाश दुबे ,शिवमनोरथ साहू, भैयाथान में मार्तण्ड साहू,शांतनु गोयल, केवरा में विक्रम प्रताप सिंह, सीताराम कुशवाहा, तथा सिरसी धान खरीदी केंद्र के लिए अमन सिंह ,आशीष गुप्ता को बतौर प्रभारी नियुक्त किया गया था। यह धरना प्रदर्शन कोविड गाईडलाईन का पालन करते हुए सीमित संख्या में संम्पन किया गया । धरना उपरान्त सभी समिति में नियुक्त प्रभारियों ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार व अन्य उपस्थित अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। सौंपे गये ज्ञापन में धान खरीदी की तारीख 7 फरवरी से 15 फरवरी तक बढ़ाने, रबी फसल के लिए खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने, असमय ओलावृष्टि एवं बारिस से हुये फसलों के नुकसान की क्षतिपूर्ति तत्काल प्रदान किए जाने, लंबित स्थाई विधुत कनेक्शन तत्काल देने सहित पिछले वर्ष की धान की बकाया राशि एवं दो वर्ष का बकाया बोनस देने की मांग सरकार से की गई । इस धरना प्रदर्शन के दौरान अजजा मोर्चा में प्रदेश महामंत्री सत्यनारायण सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव प्रताप सिंह, लालचंद शर्मा, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार, कुमरेश दुबे, रामऔतार देवांगन, सपुरन साहू, शिव पाण्डेय, सौरभ साहू, संदीप दुबे सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे।
किसानों को नही मिल रहा सूतली बाजार से खरीदी कर बेच रहे अपना धान
शिवप्रसादनगर नगर धान खरीदी केंद्र में किसानों के द्वारा स्वयं सूतली खरीदकर अपना धान बेचने का मामला सामने आया है। सोमवार को भाजपा किसान मोर्चा के धरना प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सुतली न मिलने की शिकायत प्रदर्शनकारियों से की और जमकर विरोध किया। भाजपाईयों के हस्तक्षेप के बाद मामले की तूल पकड़ते देख तहसीलदार व समिति के नोडल अधिकारी ओपी सिंह मौके पर पहुंचे जहाँ किसानों ने तहसीलदार को बताया कि लगभग पंद्रह दिनों से समिति में सुतली नही है किसानों को स्वयं दुकान से दो सौ रुपए किलो खरीद कर धान बेचना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देख तहसीलदार ने समिति के कर्मचारी को उन सभी किसानों की सूची बनाने को कहा जिन्होंने दुकान से सुतली खरीदी थी। तहसीलदार ने सुतली खरीदने वाले लगभग दो दर्जन किसानों को खरीदे गये सुतली का पैसा वापस कराने की बात कही है। ध्यान रहे यह वही धान खरीदी केंद्र है, जो अपने विवादित कार्य से हमेशा सुर्खियों में रहता है जिसके कारण इस वर्ष यहाँ धान खरीदी की जिम्मेदारी प्रशासन ने पटवारियों सौंपी है और बकायदा तहसीलदार भैयाथान को यहां नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।





