दस वर्ष पूर्व स्वीकृत हुआ भवन हो गया खण्डरों में तब्दील, निर्माण एजेंसी पंचायत पर लग रहे राशि गबन के आरोप

राकेश पाठक हिन्द शिखर न्यूज़ सूरजपुर। जिले के भैयाथान विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गोविंदगढ़ में दस वर्ष पूर्व स्वीकृत हुआ प्रधान पाठक कक्ष भ्रष्टाचार के भेंट चढ़ गया है। मिली जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत गोविंदगढ़ में सर्व शिक्षा अभियान के तहत वर्ष 2010-11 में 2.75 लाख लागत राशि से प्रधान पाठक कक्ष की स्वीकृत दी गयी, स्वीकृति वर्ष के दौरान गोविंदगढ़ ग्राम पंचायत साँवाँरावां का आश्रित ग्राम हुआ करता था जहां के माध्यमिक शाला के लिए प्रधान पाठक कक्ष बनवाने की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत को सौंपी गई पर सरपंच सचिव के लापरवाही के कारण यह भवन आज तक नही बन सका है जबकि भवन की स्वीकृति राशि से लगभग 2.10 लाख रुपये आहरण भी किया जा चुका है, परन्तु आहरण किये गए राशि से सिर्फ नाम मात्र का ही कार्य इस भवन में कराया गया शेष राशि को सरपंच सचिव के द्वारा गबन कर लिया गया। जानकारों की माने तो स्वीकृति वर्ष में ही अगर भवन का निर्माण पूर्ण कर लिया गया होता तो आज यह भवन उपयोग में होता परन्तु सरपंच सचिव के लापरवाही के कारण यह भवन आज खण्डरों में तब्दील हो चुका है। भवन को पूर्ण करने के लिए अब लाखों रुपये अतरिक्त खर्च करने होंगे। हालाकि यह एक मात्र गोविंदगढ़ का मामला नही है विकासखंड भैयाथान अंतर्गत दर्जनों से भी ज्यादा ऐसे भवन हैं जो भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है अगर निष्पक्ष रूप से जांच की जाए तो लाखों रुपये गबन का मामला सामने आ सकता है।
होगी कार्यवाही
इस संबंध में बीआरसी अजेंद्रनाथ दुबे का कहना है कि विकासखंड अंतर्गत सर्व शिक्षा अभियान के तहत जितने भी भवन अपूर्ण हैं या फिर भवन के नाम पर स्वीकृत राशि का दुरूपयोग किया है ऐसे निर्माण एजेंसियों की सूची तैयार कर ली गयी है जल्द से जल्द इनसे राशि वसूली सहित अन्य कार्यवाही की जाएगी।





